• Skip to primary navigation
  • Skip to main content

PlanMoneyTax

Money and Tax Saving Blog

  • Calculators
  • EPF
  • PPF
  • सुकन्या
  • NSC
  • आयुष्मान
  • PAN
  • टैक्स
    • टैक्स बचत
    • ई-फाइलिंग
    • GST
    • कैपिटल गेन्स Tax
    • टैक्स Payment
    • Budget
  • GST
  • SBI

महिला सम्मान बचत पत्र योजना 2023 क्या है? ब्याज दर, नियम, और फायदे

Updated By अनिल पाण्डेय on 14/11/2023

भारत सरकार ने 1 अप्रैल 2023 से महिलाओं और लड़कियों को ज्यादा फायदा देने वाली नई स्कीम शुरू की है। इसका नाम है महिला सम्मान बचत पत्र। सरकार इस जमा योजना पर किसी भी सरकारी बैंक की FD से ज्यादा ब्याज देती है और टैक्स छूट भी। इस लेख में हम महिला सम्मान बचत पत्र योजना 2023 के बारे में जानकारी देंगे। हम इसमें जानेंगे कि महिला बचत पत्र में अकाउंट कौन खोल सकता है और कहां खुलेगा? इसकी नई ब्याज दर क्या है? पैसा कितना जमा करना पड़ता है और कब निकाला जा सकता है? About Mahila Samman Saving Certificate Scheme 2023 in Hindi

Mahila Samman Bachat Patra Yojana Kya Hai in Hindi

महिला सम्मान बचत पत्र योजना क्या है?

महिला सम्मान बचत पत्र योजना भारत सरकार की नई लघु बचत योजना (Small Saving Scheme) है। इसमें जमा किए गए पैसों पर 7.50% सालाना के हिसाब से ब्याज मिलती है। पोस्ट ऑफिस या बैंक में इसका अकाउंट खुलवाया जा सकता है।

कोई भी भारतीय महिला या लड़की इसमें अपना अकाउंट खुलवा सकती है। न्यूनतम 1000 रुपए से लेकर अधिकतम 2 लाख रुपए तक इसमें जमा किए जा सकते हैं। अकाउंट खुलने की तारीख से 2 साल बाद पूरी जमा (Deposit) और ब्याज (Interest) को मिलाकर, पूरा पैसा आपको वापस मिल जाता है।

फिलहाल 31st March, 2025 तक इस अकाउंट को खोलने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है।

किन बैंकों में खुलवाया जा सकता है खाता?: भारत सरकार के वित्त मंत्रालय ने पोस्ट ऑफिस के अलावा कुछ बैंकों को भी महिला सम्मान बचत पत्र योजना का अकाउंट खोलने के लिए अधिकृत किया है। सरकार की ओर से 27 जून 2023 को जारी एक अधिसूचना के मुताबिक इन बैंकों के नाम इस प्रकार हैं-

  • बैंक ऑफ बड़ौदा
  • पंजाब नेशनल बैंक
  • केनरा बैंक
  • यूनियन बैंक ऑफ इंडिया
  • बैंक ऑफ इंडिया
  • सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया

महिला सम्मान बचत पत्र की ब्याज दर 2023 क्या है?

महिला सम्मान बचत पत्र में जमा पैसों पर सरकार ने 7.50% सालाना की ब्याज दर निर्धारित की है। अकाउंट खुलने की तारीख से लेकर, 2 साल बाद मेच्योरिटी तक इसमें यही ब्याज दर लागू रहेगी। बीच में बाजार के उतार-चढ़ाव या अन्य सरकारी स्कीमों की ब्याज-दर में उतार-चढ़ाव का इस पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।

आपकी जमा पर ब्याज की गणना तिमाही चक्रवृद्धि (Quarterly Compounding) के हिसाब से होता है। यानी कि हर तिमाही के बाद आपका ब्याज, आपकी जमा के साथ मिला दिया जाता है। लेकिन ब्याज की यह रकम आपको खाता अवधि पूरी होने पर ही मिलती है।

महिला सम्मान बचत पत्र में कितना पैसा जमा कर सकते हैं

कोई भी महिला या लड़की, कम से कम 1000 रुपए जमा करके अपने नाम महिला सम्मान बचत पत्र अकाउंट खोल सकती है। अधिकतम 2 लाख रुपए तक जमा किए जा सकते हैं, लेकिन जमा की रकम 100 के गुणांक में होनी चाहिए। आप अपने नाम पर अलग-अलग कई महिला सम्मान बचत पत्र अकाउंट भी खोल सकती हैं, लेकिन सभी महिला सम्मान बचत पत्र अकाउंट को मिलाकर कुल जमा 2 लाख रुपए से अधिक नहीं कर सकते।

किसी एक अकाउंट में जमा की पूरी रकम खाता खोलते समय, एक साथ ही जमा करनी पड़ती है। बाद में उस अकाउंट में कोई नई जमा नहीं हो सकती। लेकिन, आप नया अकाउंट खुलवाकर पैसा जरूर जमा कर सकते हैं। पिछला अकाउंट खोलने की तारीख से 3 महीने बीतने के बाद आप नया अकाउंट खोल सकती हैं। 31st March, 2025 के पहले इसमें कभी भी अकाउंट खुलवाया जा सकता है।

आप जितना ज्यादा पैसा जमा करते हैं, उतना अधिक पैसा आपको 2 साल बाद आपको वापस मिलेगा। कितना पैसा जमा करने पर कितना मिलेगा, यह अगले पैराग्राफ में दिए गए कैलकुलेटर चार्ट में समझ सकते हैं-

महिला सम्मान बचत पत्र से कितना पैसा मिलेगा?

शुरू में जमा की गई रकम2 साल बाद आपको वापस मिलेंगे
1000 रुपए 1160 रुपए
2000 रुपए 2320 रुपए
3000 रुपए 3481 रुपए
5000 रुपए 5801 रुपए
10000 रुपए 11606 रुपए
20000 रुपए23204 रुपए
50000 रुपए 58011 रुपए
1 लाख रुपए1 लाख 16 हजार 22 रुपए
2 लाख रुपए2 लाख 32 हजार 44 रुपए

महिला सम्मान बचत पत्र के लिए आवश्यक योग्यताएं

  • 18 वर्ष की उम्र पूरी कर चुकी कोई भी महिला या लड़की अपने नाम महिला सम्मान बचत पत्र का अकाउंट खोल सकती है।
  • 18 वर्ष से कम उम्र की लड़की के लिए उसके माता-पिता या कानूनी अभिभावक (Legal guardian) की ओर से यह अकाउंट खुलवाया जा सकता है।
  • अकाउंट सिर्फ एकल खाता (Single Account) के रूप में खुलेगा। यानी कि दो या दो से अधिक महिलाएं संयुक्त खाता (Joint Account) नहीं खोल सकतीं।

महिला सम्मान बचत पत्र के लिए आवश्यक दस्तावेज  

महिला सम्मान बचत पत्र योजना का अकाउंट खुलवाने के लिए, निम्नलिखित डॉक्यूमेंट्स की आवश्यकता पड़ती है

  • खाता खोलने का फार्म: Account Opening Form उस Post Office या बैंक ब्रांच में मिल जाएगा, जहां पर आप अकाउंट खुलवाने जाएंगे। पोस्ट ऑफिस की वेबसाइट से यह फॉर्म ऑनलाइन भी डाउनलोड किया जा सकता है इसका लिंक है-https://www.indiapost.gov.in/VAS/DOP_PDFFiles/form/AccountopeningCertificate.pdf
  • रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो
  • आधार कार्ड की फोटोकॉपी
  • पैन कार्ड की फोटो कॉपी

ध्यान रखें: आधार कार्ड और पैन कार्ड की फोटोकॉपी के साथ में उनकी ओरिजनल कॉपी भी लेकर जाएं। ओरिजनल कॉपी के साथ फोटो कॉपी का मिलान करके ही आपको अकाउंट खोलने की अनुमति मिल सकेगी।

क्या जरूरत पड़ने पर, बीच में पैसे निकाल सकते हैं?

  • जी हां, अकाउंट खुलवाने की तारीख से 1 साल पूरे होने के बाद, आप अपनी शुरुआत में जमा किए गए पैसों का 40% तक निकाल  सकते हैं।
  • कुछ अन्य अपरिहार्य परिस्थितियों में भी अकाउंट को बीच में बंद कराने की अनुमति है। जैसे कि, खाताधारक (Account Holder) महिला या लड़की की मौत हो जाने पर, उसे गंभीर बीमारी हो जाने पर या अभिभावक की मौत हो जाने पर। ऐसी स्थिति में अकाउंट बीच में बंद कराने पर भी पूरी ब्याज (7.5%) के हिसाब से मिलेगी।
  • अकाउंट खुलवाने के 6 महीने बाद, आप जब चाहें तो बिना कारण के भी अकाउंट को बीच में भी बंद करा सकते हैं। लेकिन, बिना किसी अनिवार्य कारण के खाता बंद कराने पर ब्याज में 2% की कटौती करके पैसा वापस मिलेगा। यानी कि 7.5% की बजाय सिर्फ 5.5% की दर से ब्याज मिलेगी।

महिला सम्मान बचत पत्र और सुकन्या समृद्धि योजना में अंतर 

दोनो योजनाएं महिलाओं और लड़कियों के कल्याण को ध्यान में रखकर शुरू की गई हैं। लेकिन दोनों में मदद का तरीका अलग-अलह है। दोनों के बीच मुख्य अंतर इस प्रकार हैं-

उद्देश्य में अंतर 

सुकन्या समृद्धि योजना का मुख्य उद्देश्य छोटी बच्ची के माता-पिता या अभिभावक को उसकी शादी या शिक्षा के लिए पैसा जुटाने में मदद करना है, जबकि महिला सम्मान बचत पत्र का उद्देश्य सिर्फ महिलाओं को अधिक ब्याज देकर बचत करके पैसे बढ़ाने में मदद करना है। 

मच्योरिटी अवधि में अंतर

सुकन्या समृद्धि योजना में 21 साल तक अकांउट चलता है। उनमें से शुरू के 15 साल तक पैसा जमा करना पड़ता है। 15 से 21 वर्ष तक कोई पैसा जमा नहीं होता, लेकिन ब्याज जुड़ती रहती है। 21 साल बाद आपका पूरी जमा+ब्याज को मिलाकर पैसा वापस मिल जाता है।

महिला सम्मान बचत पत्र में अकाउंट सिर्फ 2 साल तक चलता है। 2 साल के बाद आपकी जमा और ब्याज को जोड़कर पैसा वापस मिल जाता है।

जमा सीमा में अंतर 

  • सुकन्या समृद्धि योजना में हर साल न्यूनतम 250 रुपये से लेकर अधिकतम 1.50 लाख तक जमा कर सकते हैं। 15 साल तक आप हर साल अपनी सुविधानुसार 250 रुपये से 1.50 लाख के बीच में किसी भी रकम को जमा कर सकते हैं।
  • महिला सम्मान बचत पत्र में सिर्फ 2 लाख रुपये तक जमा किए जा सकते हैं। पूरा पैसा शुरुआत में खाता खुलवाने के समय पर ही एकमुश्त जमा करवाने पड़ते हैं।

ब्याज दर में अंतर 

सुकन्या समृद्धि योजना पर, सरकार फिलहाल 8.0% सालाना के हिसाब से ब्याज दे रही है, जबकी महिला सम्मान बचत योजना अकाउंट पर सरकार 7.5 %सालाना के हिसाब से ब्याज दे रही है। ब्याज दर के हिसाब से सुकन्या समुद्धि योजना ज्यादा अच्छी है, लेकिन इसका अकाउंट सिर्फ 10 साल से कम उम्र की लड़की के लिए ही खुल सकता है।  

लेखक के बारे में

अनिल पाण्डेय 2016 से इस वेबसाइट के लिए लिख रहे हैं। इससे पहले ये दैनिक भास्कर और हिन्दुस्तान अखबार के साथ जुड़े रहे हैं। इनका 10 साल का पत्रकारिता का अनुभव रहा है। इन्हें लेखन, अध्ययन और समाज-सेवा का शौक है।

  • Calculators
  • EPF
  • PPF
  • सुकन्या
  • NSC
  • आयुष्मान
  • PAN
  • टैक्स
  • GST
  • SBI

© Copyright 2023 PlanMoneyTax Hindi · All Rights Reserved ·